मुंबई। एक्सेल एंटरटेनमेंट, चॉकबोर्ड एंटरटेनमेंट और सूटेबल पिक्चर्स की फिल्म ‘बूंग’ का शानदार ग्लोबल सफर लगातार जारी है। अब फिल्म ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए प्रतिष्ठित BAFTA अवॉर्ड्स में चिल्ड्रन एंड फैमिली फिल्म कैटेगरी में नॉमिनेशन हासिल किया है, जो इसकी बढ़ती अंतरराष्ट्रीय पहचान को और मजबूत करता है।
ब्रिटिश अकादमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन आर्ट्स की ओर से हर साल आयोजित होने वाले BAFTA अवॉर्ड्स ब्रिटिश और इंटरनेशनल सिनेमा की बेहतरीन फिल्मों को सम्मानित करते हैं। इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल्स में शानदार सफर, क्रिटिक्स की तारीफ और कई अवॉर्ड्स जीतने के बाद अब ‘बूंग’ का BAFTA में नॉमिनेशन इसकी बढ़ती ग्लोबल पहचान और इमोशनल कहानी कहने की ताकत को और मजबूत करता है।
मणिपुर की सांस्कृतिक खूबसूरती के साथ ह्यूमर और इमोशन्स को सादगी से जोड़ने वाली ‘बूंग’ ने अपनी दिल छू लेने वाली कहानी से दर्शकों का दिल जीत लिया है। अपनी सच्चाई और सरल अंदाज़ के कारण फिल्म से लोगों का गहरा जुड़ाव देखने को मिला। चुनिंदा शहरों में हुई इसकी थिएटर रिलीज़ के दौरान कई शो हाउसफुल रहे, जिसके बाद सिनेप्रेमियों की ओर से फिल्म को और ज्यादा शहरों में रिलीज़ करने की जोरदार मांग उठी।
लक्ष्मीप्रिया देवी द्वारा लिखित और निर्देशित ‘बूंग’ का वर्ल्ड प्रीमियर 2024 के टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में हुआ था। इस फिल्म को एक्सेल एंटरटेनमेंट, चॉकबोर्ड एंटरटेनमेंट और सूटेबल पिक्चर्स ने प्रोड्यूस किया है, और यह 19 सितंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई थी।



