हवाओं के रुख बदलने के साथ प्रदेश में कल से मौसम साफ होने का अनुमान; अब रातें ही रहेंगी ठंडी

रायपुर15 जनवरी (वेदांत समाचार)। एक सप्ताह से हो रही छिटपुट बरसात और ओलावृष्टि के बाद शनिवार को राहत की धूप निकली है। रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में मौसम साफ हुआ है। इससे लोगों ने राहत की सांस ली है। मौसम विभाग के मुताबिक हवाओं का रुख बदल रहा है। ऐसे में कल से पूरे प्रदेश में मौसम साफ होगा। ऐसे में दिन में मौसम सामान्य और रात में ठंड रहने का अनुमान है।

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया, प्रदेश में हवाओं की दिशा में परिवर्तन होने जा रहा है। इसकी वजह से मौसम में परिवर्तन की संभावना है। प्रदेश में कल मौसम के सूखा रहने की संभावना है। प्रदेश के उत्तरी भाग में न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी। वहीं सुबह के वक्त मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना बन रही है। शेष हिस्सों में बादल के छंटने के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट संभव है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में सुबह के समय हल्का से मध्यम घना कोहरा बन सकता है। मौसम साफ होने से दिन का तापमान बढ़ेगा।

कुछ जगहों पर आज भी बरसात
मौसम विभाग ने बताया था, बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त गर्म हवाओं का आना अब भी जारी है। एक द्रोणिका दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक से उत्तर अंदरूनी ओडिशा तक स्थित है। इसके प्रभाव से शनिवार के एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छीटें पड़ने की संभावना है।