कोरबा, 27 जनवरी। शहर में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से कोरबा यातायात पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर मोडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान सोमवार देर शाम ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र से मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज और कर्कश आवाज करने वाले 6 वाहन चालकों को पकड़ा गया। सभी वाहनों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई और वाहन चालकों को भविष्य में इस प्रकार के नियम उल्लंघन न करने की सख्त हिदायत दी गई।
इसके अतिरिक्त सिविल थाना क्षेत्र में भी कार्रवाई करते हुए 2 अन्य मोडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों को पकड़ा गया। इस प्रकार जिले में कुल 8 मोडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए हैं, जिन्हें आज न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
इस कार्रवाई का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में किया गया। अभियान के दौरान एएसआई ईश्वरी लहरे, रामनारायण रात्रे, ट्रैफिक एएसआई मनोज राठौर एवं संतोष सिंह सहित यातायात पुलिस की टीम मौके पर सक्रिय रूप से मौजूद रही।
यातायात पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मोडिफाइड साइलेंसर का उपयोग न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे आम नागरिकों को भारी असुविधा होती है और ध्वनि प्रदूषण बढ़ने से स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में शांति, सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।



