Vedant Samachar

KORBA BIG BREAKING:गणतंत्र दिवस पर कलेक्ट्रेट में हड़कंप, नगर सेना के जवान ने किया आत्महत्या का प्रयास

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा,26 जनवरी (वेदांत समाचार)। गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नगर सेना के एक जवान ने आत्महत्या का प्रयास किया। नगर सेना में पदस्थ जवान संतोष पटेल ने परिसर में ही ज़हर सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत अचानक बिगड़ गई।

घटना के तुरंत बाद परिसर में मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए जवान को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल गंभीर बनी हुई है।

घटना के बाद पुलिस ने जवान के पास से एक सुसाइड नोट बरामद किया है। सुसाइड नोट में आत्मघाती कदम उठाने के कारणों का उल्लेख किया गया है। जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले जिला सेनानी के खिलाफ महिला सैनिकों द्वारा विशाखा समिति में शिकायत की गई थी। जांच के बाद संबंधित कार्रवाई करते हुए संतोष पटेल को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था।

बताया जा रहा है कि इसी कार्रवाई से आहत होकर संतोष पटेल ने सोमवार को आत्महत्या का प्रयास किया। सुसाइड नोट में उसने डिविजनल कमांडेंट और कोरबा कमांडेंट पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप भी लगाया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट के आधार पर पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Share This Article