कोरबा,24 जनवरी (वेदांत समाचार) । कोरबा के सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित पंप हाउस में शुक्रवार को एक नाबालिग पर चाकू से हमला किया गया। उसे बातचीत के बहाने बुलाया गया था, जहां एक दर्जन से अधिक बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले नाबालिग के साथ मारपीट की, फिर एक नाबालिग बदमाश ने चाकू से वार किया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पंप हाउस में मौजूद लोगों ने घायल नाबालिग को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, घायल की हालत खतरे से बाहर है, लेकिन उसे गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस घटना के पीछे प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश हो सकती है।
बताया जा रहा है कि पहले से चले आ रहे विवाद को लेकर ही बातचीत के बहाने बुलाकर इस वारदात को अंजाम दिया गया। सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मारपीट करने वाले आरोपी आरामशीन इलाके के बताए जा रहे हैं, जबकि घायल नाबालिग पंप हाउस निवासी है। नाबालिग के शरीर पर मारपीट और चाकू के वार से गंभीर जख्म के निशान हैं। सीएसईबी चौकी प्रभारी भीमसेन ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
फरार आरोपियों की तलाश में टीमें जुट गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने और दोषियों को बख्शा न जाने का भरोसा दिलाया है।



