कोरबा,24 जनवरी (वेदांत समाचार)। जिला कोरबा के थाना सिविल लाइन अंतर्गत चौकी सीएसईबी क्षेत्र में नुकीले हथियार से किए गए गंभीर हमले की घटना को कोरबा पुलिस ने अत्यंत गंभीरता से लेते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की है। इस मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास जैसी संगीन वारदात में शामिल कुल 7 विधि से संघर्षरत बालकों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त घटना में विधि से संघर्षरत बालकों के एक समूह द्वारा सामूहिक रूप से एक युवक पर नुकीले वस्तु, पंच, बेल्ट एवं हाथ-मुक्कों से जानलेवा हमला किया गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा लखन पटले तथा नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना सिविल लाइन कोरबा, चौकी सीएसईबी एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा त्वरित विवेचना करते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और उन्हें तलब किया गया।
अब तक की कार्रवाई में पुलिस द्वारा 7 विधि से संघर्षरत बालकों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। विवेचना के दौरान आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त नुकीले हथियार, मारपीट में उपयोग किए गए पंच, बेल्ट सहित अन्य सामान तथा घटना से संबंधित मोबाइल फोन भी जप्त किए गए हैं।
पुलिस ने मामले में विधि अनुसार धारा 109(1), 296, 351(3), 191(3) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। वहीं, घटना में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है, जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के विवाद को हिंसक रूप न दें और शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



