Vedant Samachar

अगले 48 घंटे में बढ़ेगी गर्मी, 3° तक बढ़ेगा तापमान; कुछ इलाकों में छाई रहेगी धुंध…

Vedant Samachar
2 Min Read

रायपुर,24 जनवरी (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद दो दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। आज प्रदेश के कुछ इलाकों में धुंध छाए रहने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तर भारत में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस कमजोर पड़ गया है, जिससे प्रदेश में तेज ठंड या शीतलहर जैसी स्थिति बनने की संभावना नहीं है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ।

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में बना स्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र वहीं बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 9.4 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है और ऊंचाई के साथ उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर झुका हुआ है। इसके अलावा, पूर्वी हवाओं में एक द्रोणिका 85 डिग्री पूर्वी देशांतर और 10 डिग्री उत्तरी अक्षांश के दक्षिण में समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर ऊपर सक्रिय है। वहीं, पूर्वोत्तर भारत के ऊपर औसत समुद्र तल से 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 135 नॉट की रफ्तार वाली उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम भी बनी हुई है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम ?
राजधानी रायपुर में शनिवार को धुंध छाए रहने की संभावना है।अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।

Share This Article