आज फिर जमकर बरसेंगे बदरा, मौसम खुलने के नहीं आसार, और बढ़ेगी ठंड

रायपुर13जनवरी (वेदांत समाचार)। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से नमी और गर्म हवाओं का आगमन निरंतर जारी है। एक द्रोणिका दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक से दक्षिण छत्तीसगढ़ तक स्थित है। इसके अनुसार प्रदेश में 15 जनवरी से मौसम में सुधार होने की संभावना है। आज प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छीटें पडने की संभावना है।

प्रदेश में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ ओला गिरने तथा आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। साथ ही प्रदेश के उत्तरी भाग में एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छीटें पड़ सकते हैं। प्रदेश के उत्तरी भाग में अधिकतम तापमानों में वृद्धि सम्भावित है, जबकि शेष भागों में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।

प्रदेश में एक- दो स्थानों पर ओले गिरने की संभावना

मौसम विज्ञान के मुताबिक ऊपरी हवा का एक चक्रीय चक्रवाती घेरा उत्तर हरियाणा के ऊपर में स्थित है। यहीं से एक द्रोणिका दक्षिण-पूर्व मध्यप्रदेश तक गई है। हरियाणा से लेकर दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश तक द्रोणिका की मौजूदगी के कारण प्रदेश के मध्य भाग में एक-दो स्थानों पर ओले गिरने का अनुमान है। जबकि उत्तर अंदरुनी कर्नाटक से लेकर उत्तर-मध्य महाराष्ट्र तक द्रोणिका की मौजूदगी के कारण दक्षिण छत्तीसगढ़ के सभी भाग में खराब मौसम की चपेट में रहेंगे।

अब तक बिलासपुर के बिल्हा में हुई अधिक बारिश

प्रदेशभर में सबसे ज्यादा बारिश बिलासपुर के बिल्हा में हुई है।
मरवाही में 25 मिमी
बेमेतरा में 23.6 मिमी
राजिम में 23.2 मिमी
नवागढ़ (बेमेतरा) में 20 मिमी
मस्तुरी में 16 मिमी
आरंग में 6 मिमी
रायपुर में 5.9 मिमी
अभनपुर में 5 मिमी बारिश दर्ज की गई है।