रायपुर, 22 जनवरी । राज्य शासन ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लेते हुए आर. कृष्णा दास को माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का सलाहकार नियुक्त किया है। इस संबंध में नियुक्ति आदेश जारी कर दिया गया है। आदेश में उल्लेख है कि राज्य शासन एतद्वारा आर. कृष्णा दास, पिता स्वर्गीय श्री के. राम दास, निवासी एच.आई.जी. डीलक्स-37, सेक्टर-8, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सड्डू, रायपुर, छत्तीसगढ़ को मुख्यमंत्री का सलाहकार नियुक्त करता है।
सलाहकार के रूप में आर. कृष्णा दास मुख्यमंत्री को मीडिया से जुड़े विषयों सहित अन्य महत्वपूर्ण मामलों पर परामर्श प्रदान करेंगे। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार उन्हें इस दायित्व के निर्वहन के लिए 1.50 लाख रुपये (एक लाख पचास हजार रुपये) प्रतिमाह मानदेय प्रदान किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, उन्हें राज्य शासन के विशेष सचिव के समकक्ष सुविधाएं भी प्राप्त होंगी। शासन के इस निर्णय को प्रशासनिक और मीडिया प्रबंधन के दृष्टिकोण से अहम माना जा रहा है। आर. कृष्णा दास की नियुक्ति से मुख्यमंत्री कार्यालय को मीडिया समन्वय एवं रणनीतिक परामर्श के क्षेत्र में मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



