Vedant Samachar

Janjgir Champa Crime: अवैध गांजा तस्करी मामले में एंड टू एंड कार्रवाई, महासमुंद से एक और आरोपी गिरफ्तार

Vedant samachar
3 Min Read

जांजगीर-चांपा, 21 जनवरी (वेदांत समाचार)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और परिवहन के खिलाफ जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना शिवरीनारायण के एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण में एंड टू एंड कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को महासमुंद जिले से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस मामले में पूर्व में दो आरोपी और एक विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी का नाम विमल कुमार पिता छत्रपति कुमार, उम्र 23 वर्ष, निवासी बानोभाठा थाना बलौदा जिला महासमुंद है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देश पर एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में एंड टू एंड कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री एवं परिवहन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

थाना शिवरीनारायण में दर्ज अपराध क्रमांक 09/2026 धारा 20 (बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी विमल कुमार को उसके निवास स्थान जिला महासमुंद से पकड़कर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने मेमोरेंडम कथन में बताया कि दिनांक 4 जनवरी 2026 को उसने अपने परिचित चंद्रशेखर साहू को कंटामाल थाना लाइसिंघा जिला बलांगीर, ओडिशा बुलाया था। वहां आयुष नामक व्यक्ति से मोबाइल पर बातचीत कर गांजा मंगाया गया।

आरोपी के कथन के अनुसार आयुष द्वारा “सिग्नेचर पान मसाला” लिखे थैले में कुल 15 पैकेट मादक पदार्थ गांजा, जिसका वजन लगभग 15 किलोग्राम था, कंटामाल लाकर चंद्रशेखर साहू को सौंपा गया। गांजा की राशि फोन-पे के माध्यम से लेने की बात भी सामने आई है। इस कार्रवाई के दौरान आरोपी विमल कुमार के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जप्त किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में पूर्व में आरोपी चंद्रशेखर साहू निवासी सलखण्ड थाना बसना जिला महासमुंद, अखिल कुमार जायसवाल एवं एक विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनके कब्जे से एक थैले में कुल 15 पैकेट मादक पदार्थ गांजा वजन 15.700 किलोग्राम, घटना में प्रयुक्त ईको कार तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए थे। जप्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 13 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है। सभी के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई की जा चुकी है।

इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव थाना प्रभारी शिवरीनारायण, उप निरीक्षक लम्बोदर सिंह, प्रधान आरक्षक बिरेंद्र टंडन तथा आरक्षक शिवराय सागर और यशवंत पाटले का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।

Share This Article