Vedant Samachar

महिला की सड़ी-गली लाश मिलने से फैली सनसनी, हत्या की आशंका…

Vedant Samachar
2 Min Read

एमसीबी,20 जनवरी (वेदांत समाचार)। चिरमिरी के सोनावानी क्षेत्र स्थित 36 मोड़ के जंगल में महिला की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि शव करीब 10 से 12 दिन पुराना हो सकता है, हालांकि अब तक यह पुष्टि नहीं हो पाई है कि मृतका कौन है। एमसीबी जिले के चिरमिरी अंतर्गत सोनावानी के 36 मोड़ पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सड़क से नीचे खाई में एक महिला का शव दिखाई दिया। यह इलाका ऐसा है जहां से रोजाना सैकड़ों वाहन गुजरते हैं और बड़ी संख्या में लोग मॉर्निंग वॉक के लिए आते-जाते रहते हैं।

ऐसे में सवाल यह भी उठ रहा है कि इतने दिनों तक शव पर किसी की नजर क्यों नहीं पड़ी। बताया जा रहा है कि जब शव से तेज दुर्गंध आने लगी, तब सड़क से गुजर रहे लोगों को इसकी जानकारी हुई। घटना को लेकर आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर शव को यहां फेंका गया हो, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

नगर पुलिस अधीक्षक दीपिका मिंज ने बताया कि थाने में सूचना प्राप्त हुई थी कि 36 मोड़ के नीचे खाई में एक शव पड़ा है। मौके पर पहुंचकर की गई जांच में यह एक महिला का शव प्रतीत हुआ, जिसकी अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव की हालत अत्यंत खराब है और वह करीब 10 से 12 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस द्वारा पहचान की कोशिश की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।

Share This Article