कोरबा, 20 जनवरी (वेदांत समाचार)। जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में एक मकान से लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाली कोई बाहरी नहीं, बल्कि उसी मकान में काम करने वाली घरेलू महिला थी। पुलिस ने आरोपी महिला के साथ-साथ चोरी का सामान खरीदने वाले व्यक्ति के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग स्थित भानु डेंटल क्लिनिक के प्रथम तल में कमल किशोर दुबे निवास करते हैं। उनके घर से लगातार नगदी और जेवरात गायब हो रहे थे, जिससे वे परेशान थे। संदेह होने पर उन्होंने अपने मकान में सीसीटीवी कैमरे लगवाए, जिसकी जानकारी घरेलू कामकाज करने वाली महिला माना बाई को नहीं थी। इसके बावजूद महिला चोरी की घटनाओं को अंजाम देती रही।
सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर घरेलू महिला को चोरी करते हुए कैमरे में कैद पाया गया। इसके बाद कमल किशोर दुबे ने बांकीमोंगरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
एडिशनल एसपी नीतीश कुमार ठाकुर ने बताया कि पूछताछ के दौरान महिला ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए जेवरात उसने पुरुषोत्तम सोनी को बेच दिए थे। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने पुरुषोत्तम सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर 3600 रुपये नकद, एक जोड़ी झुमके और एक जोड़ी पायल बरामद की है। फिलहाल पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस खुलासे के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोगों को घरेलू कर्मचारियों के सत्यापन को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।



