रायगढ़ ,19 जनवरी (वेदांत समाचार)। रायगढ़ जिले में कोल परिवहन को लेकर ओडिशा सीमा पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। बीजेएमएस यूनियन पर छत्तीसगढ़ की गाड़ियों को तय समझौते से कम लोडिंग देने और प्रति वाहन 400 रुपये वसूलने का आरोप लगाते हुए स्थानीय ट्रांसपोर्टरों ने विरोध जताया। इसी विवाद के दौरान दोनों पक्षों में झड़प हो गई, जिसमें रायगढ़ के ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों के साथ मारपीट की गई।
घटना के बाद तमनार पुलिस ने ओडिशा यूनियन से जुड़े दर्जनभर से अधिक लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
समझौते के उल्लंघन का आरोप
बताया गया है कि पूर्व में दोनों पक्षों के बीच कोल लोडिंग को लेकर समझौता हुआ था, जिसके तहत छत्तीसगढ़ के ट्रांसपोर्टरों को 33 प्रतिशत लोडिंग देने पर सहमति बनी थी। रायगढ़ के ट्रांसपोर्टरों का आरोप है कि ओडिशा पक्ष इस समझौते का पालन नहीं कर रहा है और जबरन प्रति गाड़ी 400 रुपये की वसूली कर रहा है।
टपरिया बॉर्डर पर बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार रायगढ़ के ट्रांसपोर्टर संजय अग्रवाल, सतीश चौबे, प्रभा शाही, शंकर अग्रवाल, आशीष यादव सहित अन्य लोग इस मुद्दे को लेकर ओडिशा पहुंचे थे। टपरिया बॉर्डर पर बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। ट्रांसपोर्टरों ने आरोप लगाया है कि गोपाल, धीरेन्द्र, विपिन, धनी, तेजराम सहित 100 से अधिक लोगों ने शंकर अग्रवाल के साथ हाथापाई की।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही तमनार थाना प्रभारी कमला पुसाम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। रायगढ़ से भी अनुप बंसल, हरमीत घई सहित अन्य ट्रांसपोर्टर मौके पर पहुंचे। पुलिस की समझाइश के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।



