Vedant Samachar

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत बिलासपुर में 233 स्कूल बसों की जांच, 93 बसें पाई गईं अनफिट

Vedant samachar
3 Min Read

बिलासपुर, 18 जनवरी (वेदांत समाचार)। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत यातायात पुलिस बिलासपुर एवं परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से जिले की स्कूल बसों का व्यापक मैकेनिकल मुलाइजा एवं स्वास्थ्य परीक्षण अभियान चलाया गया। यह जांच रविवार को बहतराई स्टेडियम, बिलासपुर परिसर में आयोजित की गई, जिसमें जिले की कुल 233 स्कूल बसों की तकनीकी एवं सुरक्षा मानकों के आधार पर जांच की गई।

जांच के दौरान 140 स्कूल बसें निर्धारित मापदंडों पर पूरी तरह सही पाई गईं, जबकि 93 बसों में विभिन्न प्रकार की तकनीकी एवं सुरक्षा संबंधी कमियां पाई गईं। अनफिट पाई गई बसों में 18 बसें बिना प्रदूषण प्रमाणपत्र, 37 बिना अग्निशमन यंत्र, 12 बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस/दस्तावेज, 2 बिना बीमा, 1 बिना फिटनेस प्रमाणपत्र, 3 बिना टैक्स, 10 बिना प्राथमिक उपचार पेटी, 3 बिना सीसीटीवी कैमरा, 5 बसों के विंड ग्लास टूटे हुए तथा 2 बसों में सुरक्षा जाली नहीं पाई गई।

यातायात पुलिस एवं आरटीओ विभाग द्वारा बस संचालकों को सभी कमियों को तीन दिवस के भीतर सुधार कर बसों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी हिदायत दी गई कि नियत अवधि में नियमित रूप से बसों का मैकेनिकल परीक्षण कराते हुए तकनीकी खराबियों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करें।

इस दौरान स्कूल बस संचालकों, ड्राइवरों, कंडक्टरों एवं बस स्टाफ का नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। कुल 233 लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण में 26 लोग शुगर, 21 बीपी, 9 चर्म रोग एवं अन्य सामान्य बीमारियों से पीड़ित पाए गए। सभी को संबंधित चिकित्सकों से समुचित उपचार एवं नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे एवं आरटीओ अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि स्कूल बस संचालक माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करते हैं, तो उनके विरुद्ध मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन को ब्लैकलिस्टेड करने एवं परमिट निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। जिन स्कूल संचालकों ने अपनी बसें जांच हेतु प्रस्तुत नहीं की हैं, उनके स्कूल परिसरों में जाकर निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यह संपूर्ण अभियान पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज संजीव शुक्ला एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में संचालित किया गया। जांच शिविर के दौरान आरटीओ अधिकारी असीम माथुर, योगेश्वर प्रसाद टंडन, सहायक सांख्यिकी अधिकारी संतन देव जोगी, वेद राम साहू, करण सोनी, आर.जी. यादव सहित परिवहन विभाग का तकनीकी स्टाफ एवं स्व-सहायता समूह के सदस्य भी उपस्थित रहे।

Share This Article