राजू तिवारी, दीपका, 17 जनवरी (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के पहले डांस रियलिटी शो ‘छत्तीसगढ़ी ठुमका’ में कोरबा जिले की होनहार छात्रा ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। राधेय विद्यापीठ इंग्लिश मीडियम हाई स्कूल झाबर, दीपका की कक्षा 9वीं की छात्रा प्रियांशी आयाम का इस प्रतिष्ठित डांस रियलिटी शो के लिए चयन हुआ है। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे कोरबा जिले के लिए गर्व का विषय बन गई है।
प्रियांशी आयाम आइडल डांस ग्रुप कोरबा की सक्रिय सदस्य हैं। उनके डांस ग्रुप ने कड़े ऑडिशन राउंड को पार करते हुए शो के अंतिम टॉप-20 प्रतिभागियों में अपनी जगह सुनिश्चित की है। राज्यभर से आए सैकड़ों प्रतिभागियों के बीच टॉप-20 में चयन होना उनकी कड़ी मेहनत, लगन और नृत्य कौशल को दर्शाता है।
छात्रा की इस सफलता से विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल है। विद्यालय की प्राचार्य ममता मनहर, संचालक आर. एस. मनहर एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रियांशी आयाम और आइडल डांस ग्रुप कोरबा को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है और इससे बच्चों को अपनी छिपी प्रतिभाओं को निखारने का प्रोत्साहन मिलेगा।
विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि प्रियांशी आयाम आने वाले राउंड्स में भी शानदार प्रदर्शन कर ‘छत्तीसगढ़ी ठुमका’ डांस रियलिटी शो में कोरबा और अपने स्कूल का नाम रोशन करेंगी। साथ ही, उनके उज्ज्वल भविष्य और शो में जीत की कामना की गई है।



