उदयपुर ,17 जनवरी (वेदांत समाचार)। भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पूर्व राजपरिवार मेवाड़ के सदस्य डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ को समाज सेवा और राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया।
चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ ने डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ को यह विशेष पुरस्कार सेना के सहयोग में कोविड-19 जैसी विषम परिस्थितियों के दौरान भारतीय सेना को दो हाईटेक एंबुलेंस भेंट करने, समाज सेवा, शिक्षा, महिला स्वच्छता प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में 9 गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स स्थापित करने, चिकित्सा और महिला शिक्षा के क्षेत्र में सेना और समाज के प्रति सदैव समर्पित रहने के लिए दिया गया।
सम्मान ग्रहण करने के बाद डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने सेना प्रमुख का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह मेवाड़ के लिए गर्व का विषय है कि महाराणा प्रताप की शौर्य परंपरा आज भी भारतीय सेना की 9वीं बटालियन द ग्रेनेडियर्स मेवाड़ के रूप में जीवंत है।
उन्होंने आगे कहा, मेवाड़ राजघराने और इस बटालियन के बीच ऐतिहासिक और भावनात्मक रिश्ता अनूठा है। महाराणा प्रताप की वीरता से प्रेरित यह बटालियन अपने अनुशासन और बलिदान के लिए जानी जाती है, जो पूरे राजस्थान के लिए गौरव की बात है।
