[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

गंगा एक्सप्रेसवे से बदलेगी यूपी की तस्वीर, मेरठ से प्रयागराज का सफर सिर्फ 6 से 7 घंटे में

नई दिल्ली,16 जनवरी । गंगा एक्सप्रेसवे के चालू होने के बाद उत्तर प्रदेश की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी। यह एक्सप्रेसवे पश्चिमी यूपी के मेरठ से लेकर प्रयागराज तक सीधा संपर्क स्थापित करेगा। 594 किलोमीटर लंबा यह सफर अब महज 6 से 7 घंटे में पूरा हो सकेगा।

मेरठ बिजौली से शुरू, खड़खड़ी में टोल प्लाजा तैयार

गंगा एक्सप्रेसवे की शुरुआत मेरठ के बिजौली क्षेत्र से हुई है। खड़खड़ी में टोल प्लाजा बनकर तैयार हो चुका है। हालांकि एक्सप्रेसवे से जुड़े कई स्थानों पर सर्विस रोड का कार्य अभी अधूरा है, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में असंतोष भी है।

औद्योगिक गलियारे से वैश्विक पहचान

एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक गलियारा विकसित किया जा रहा है। इसके पूरा होते ही गंगा एक्सप्रेसवे विश्व पटल पर अपनी अलग पहचान बनाएगा और निवेशकों को आकर्षित करेगा।

हाईटेक सुविधाओं से लैस एक्सप्रेसवे

गंगा एक्सप्रेसवे पर 120 किमी प्रति घंटा की अधिकतम गति से वाहन दौड़ सकेंगे। सुरक्षा के लिए हाई पावर कैमरे, स्ट्रीट लाइट्स और अत्याधुनिक ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लगाए गए हैं। खास बात यह है कि आपात स्थिति में एक्सप्रेसवे पर हवाई जहाज भी उतारे जा सकेंगे।

जनता को शुभारंभ का इंतजार

स्थानीय लोगों का कहना है कि गंगा एक्सप्रेसवे केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से जनता को दिया गया एक बड़ा तोहफा है। अब सभी को इसके औपचारिक शुभारंभ का बेसब्री से इंतजार है।

[metaslider id="133"]