जगदलपुर, 16 जनवरी (वेदांत समाचार)। बस्तर जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। शुक्रवार को जगदलपुर–चित्रकोट मुख्य मार्ग पर टाकरागुड़ा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज गति से आ रही टाटा मैजिक वाहन ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) बस्तर संभाग के विभाग संघचालक सुकालु राम बघेल की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा बड़ांजी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर बिखर गए। बाइक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि टाटा मैजिक वाहन में सवार दो अन्य लोग भी इस दुर्घटना में घायल हुए हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों की हालत पर चिकित्सकों द्वारा निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस ने मृतक सुकालु राम बघेल के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही बताया जा रहा है। पुलिस ने टाटा मैजिक वाहन को जब्त कर लिया है तथा चालक से पूछताछ की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।



