बच्चा नहीं हुआ तो सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने प्रेमिका को छोड़ा:14 साल बड़ी महिला के साथ 12 साल से लिव इन में था, गिरफ्तार

जयपुर 07 जनवरी (वेदांत समाचार)। जयपुर के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवक ने बच्चा नहीं होने पर 14 साल बड़ी प्रेमिका को छोड़ दिया। इससे नाराज प्रेमिका ने अपने प्रेमी पर रेप का मामला दर्ज करवा दिया। मामला दर्ज होने के बाद प्रेमी तीन महीने फरारी काटता रहा, आखिरकार परेशान होकर गुरुवार को उसने कोर्ट में सरेंडर किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक प्रेमी-प्रेमिका के बीच एफआईआर वापस लेने को लेकर बातचीत भी चली थी, लेकिन महिला युवक के साथ रहने की बात पर अड़ी रही। युवक इस पर तैयार नहीं हुआ तो महिला ने भी एफआईआर वापस नहीं ली।

मामला जयपुर के झोटवाड़ा थाने का है। यहां तीन महीने पहले प्रेमिका ने अलवर के शहजादपुर गांव निवासी सोनू कुमार जाट (34) के खिलाफ रेप का मामला दर्ज करवाया था। पीड़िता का आरोप था कि वह अपने पति से अलग होकर 12 साल से सोनू के साथ लिव इन में थी। जब उसने सोनू से शादी करने की बात कही तो वह झांसा देने लगा।

महिला का आरोप है कि शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार रेप भी किया। जब साथ रहने का दबाव बनाया तो आरोपी उससे अलग रहने लगा। महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने अक्टूबर में मामला दर्ज कर लिया था। लेकिन आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।

आरोपी बोला: बच्चा नहीं होने पर छोड़ा था
रेप का मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार था। उसने तीन महीने तक अलवर समेत आस-पास के इलाकों में अपने रिश्तेदारों के यहां फरारी काटी। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह घर में इकलौता है। वह 14 साल बड़ी अपनी प्रेमिका से शादी भी करना चाहता था, लेकिन बच्चा नहीं हो रहा था। इसलिए उसने महिला से शादी से इनकार कर दिया। जबकि महिला उसके साथ रहने की जिद पर अड़ी थी।