Vedant Samachar

जांजगीर-चांपा में अवैध महुआ शराब बिक्री पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 लीटर कच्ची शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

Vedant samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा, 11 जनवरी (वेदांत समाचार)। जिले में अवैध शराब बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बेच रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 11 जनवरी 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना पामगढ़ पुलिस ने दर्री निवासी मनहरण सूर्यवंशी उम्र 37 वर्ष के कब्जे से 07 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत लगभग 1400 रुपये बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में की गई। वहीं एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के कुशल मार्गदर्शन में थाना पामगढ़ पुलिस ने इस पूरे ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध आगे भी इसी तरह लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन से भी अपील की गई है कि वे इस तरह की अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते सख्त कदम उठाए जा सकें।

उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी पामगढ़ निरीक्षक सावन सारथी, सहायक उप निरीक्षक सरोज पाटले, रामदुलार साहू, आरक्षक मुकेश, कमलेश, महिला आरक्षक सविता पटेल एवं सैनिक अनिल दिनकर का सराहनीय योगदान रहा।

Share This Article