बिलासपुर,11 जनवरी (वेदांत समाचार) । 2017 में मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने वाली मानुषी छिल्लर पहली बार छत्तीसगढ़ आने वाली है। वे बिलासपुर में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में शामिल होंगी। स्वर्गीय उषा देवी भंडारी की स्मृति में खेल परिसर में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता का इस साल तेरहवां संस्करण है। इस टूर्नामेंट में सारिक तारिक भोपाल की टीम पहले ही अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर फाइनल में जगह बना चुकी है, जबकि दूसरे सेमीफाइनल मैच में मोनू गोहेल जोहेब भोपाल ने जीत हासिल की है। अब दोनों टीमें आज शाम फाइनल होगा में भिड़ेंगी। जिसे लेकर खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों में भी जबरदस्त उत्साह है।
11 जनवरी को ग्रैंड फिनाले में केवल क्रिकेट का रोमांच नहीं, बल्कि मनोरंजन और ग्लैमर का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। इस समापन समारोह को यादगार बनाने के लिए दो खास मेहमान मैदान पर मौजूद रहेंगी। प्रसिद्ध एक्ट्रेस और एंकर शेफाली बग्गा और बॉलीवुड अभिनेत्री (मिस वर्ल्ड 2017) मानुषी चिल्लर। दोनों सितारों की उपस्थिति ने पहले ही इस आयोजन के प्रति लोगों की दिलचस्पी को चरम पर पहुंचा दिया है।

शेफाली बग्गा की एंकरिंग से मचेगा धमाल
शेफाली बग्गा, जो अपनी बेबाक एंकरिंग और तेज तर्रार स्क्रीन प्रेज़ेंस के लिए जानी जाती हैं, फाइनल मुकाबले में रंग जमाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वे न केवल खेल प्रेमियों को ऊर्जा से भर देंगी, बल्कि इस मुकाबले की हर रोमांचक झलक को अपने अलग अंदाज में दर्शकों तक पहुंचाएंगी। उनकी मौजूदगी से यह आयोजन युवाओं में खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

फाइनल में मिस वर्ल्ड भी करेंगी शिरकत
वहीं दूसरी ओर, बॉलीवुड के साथ-साथ पूरे देश का गौरव बढ़ाने वाली मानुषी चिल्लर, जिन्होंने मिस वर्ल्ड 2017 का ताज अपने नाम किया था, इस प्रतियोगिता में ग्लैमर और आकर्षण की चमक लेकर आएंगी। उनके आने की खबर से ही सोशल मीडिया पर हलचल तेज हो गई है। दर्शकों और प्रशंसकों में उनके लाइव दर्शन को लेकर जबरदस्त उत्साह है। कहा जा रहा है कि वे फाइनल मुकाबले में विशेष प्रस्तुति भी दे सकती हैं, जिससे इस रात का आकर्षण और भी बढ़ जाएगा।

फाइनल मुकाबले में ये होंगे मुख्य अतिथि
फाइनल मुकाबले में प्रदेश के डिप्टी सीएम और खेल एवं PWD मंत्री अरुण साव तथा स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल शामिल रहेंगे। इस तरह 11 जनवरी की रात खेल परिसर में क्रिकेट, सितारों की चमक और मनोरंजन का जबरदस्त संगम देखने को मिलेगा। दर्शकों के लिए यह सिर्फ फाइनल मैच नहीं, बल्कि एक ग्रैंड सेलिब्रेशन होगा। मैदान में भीड़ उमड़ने की पूरी उम्मीद है और आयोजक भी इस ऐतिहासिक रात को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।



