दुर्ग ,10 जनवरी (वेदांत समाचार)। दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार का खुलासा करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से ट्रामाडोल युक्त प्रतिबंधित नशीली टेबलेट की बड़ी खेप बरामद की गई है। यह कार्रवाई 9 जनवरी 2026 को ग्राम सेलुद स्थित धान मंडी के पास की गई।
उतई थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीले रंग की मोटरसाइकिल में सवार कुछ युवक धान मंडी के पास नशीली टेबलेट बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपने नाम त्रिलोकी यादव (27), निवासी ग्राम सेलुद सतनामी पारा, थाना उतई जिला दुर्ग, चेमन विश्वकर्मा (20) और हकीम खान (24), दोनों निवासी इंदिरा नगर कुरूद, थाना कुरूद जिला धमतरी बताया।
रायपुर से मंगाता था प्रतिबंधित नशीली दवाएं
पूछताछ में त्रिलोकी यादव ने बताया कि उसने ये टेबलेट हकीम खान से 500 रुपये में खरीदी थीं। वहीं चेमन विश्वकर्मा और हकीम खान ने खुलासा किया कि नशीली टेबलेट रायपुर के संजय नगर क्षेत्र में रहने वाले मोहम्मद कैश से मंगाई जाती थीं, जिन्हें कुरूद लाकर सप्लाई किया जाता था।
जेब में रखा हुआ था दवाई
पुलिस ने आरोपियों को मुखबिर की सूचना से अवगत कराते हुए तलाशी की सहमति ली और विधिवत पंचनामा तैयार कर तलाशी की कार्रवाई की। तलाशी के दौरान त्रिलोकी यादव के पेंट की जेब से Proxiohm-Spas नामक नशीली टेबलेट के दो पत्ते बरामद हुए, जिनमें कुल 48 टेबलेट थीं। वहीं चेमन विश्वकर्मा और हकीम खान के कब्जे से मोटरसाइकिल में रखी एक प्लास्टिक बोरी के अंदर से 15 पत्ते और 4 खुली टेबलेट, कुल 364 नशीली टेबलेट बरामद की गईं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार एक टेबलेट का वजन 0.64 ग्राम पाया गया। इस हिसाब से त्रिलोकी यादव से बरामद 48 टेबलेट का कुल वजन 30.72 ग्राम और अन्य दोनों आरोपियों से बरामद 364 टेबलेट का कुल वजन 232.96 ग्राम रहा। गवाहों के समक्ष टेबलेट की गिनती कर गिनती एवं जप्ती पंचनामा तैयार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 22(ख) 8C बीएनएसएस के अपराध दर्ज किया है। आरोपियों से नशीली टेबलेट रखने से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद नशीली टेबलेट और एक मोबाइल फोन को जप्त कर लिया गया।
औषधि विभाग को दी गई जानकारी
पुलिस ने इस पूरे मामले की जानकारी सहायक औषधि नियंत्रक को दी गई, जिनके निर्देश पर ड्रग इंस्पेक्टर ने जब्त टेबलेट का निरीक्षण किया। ड्रग इंस्पेक्टर की रिपोर्ट में टेबलेट को प्रतिबंधित नशीली दवा बताया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
1 लाख 37 हजार का माल जब्त
पुलिस ने आरोपी त्रिलोकी यादव के कब्जे से 02 पत्ता में 48 नग, किमती 200 रूपये और एक नग मोबाईल रियल मी कंपनी किमती 10,000/ रूपये। आरोपी चेमन विश्वकर्मा और हकीम खान के कब्जे से मोटर साईकिल में रखा एक प्लास्टिक बोरी नशीली दवा कुल 15 पत्ता में 360 नग एवं 04 नग कुल 364 नग किमती 1500 रुपए। आरोपी चेमन विश्वकर्मा कि मोटर साईकिल CG05AL4236 किमती 1,00,000 रू एवं मोबाईल रियल मी किमती 10,000 रू एवं हकीम खान से मोबाईल वन प्लस 15,000 रूपये ब्रिकी रकम 500 रुपए समेत कुल 1,37,200 रुपए का माल जब्त किया गया है।



