Vedant Samachar

तखतपुर पुलिस ने बकरी चोरी के शातिर आरोपी को किया गिरफ्तार, जेल भेजा

Vedant samachar
3 Min Read

बिलासपुर, 09 जनवरी (वेदांत समाचार)। तखतपुर थाना क्षेत्र में बकरी चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से एक बकरा, एक बकरी तथा बकरा-बकरी बिक्री से प्राप्त 10 हजार रुपये नकद जब्त किए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी कुंज बिहारी पटेल पिता सुंदर पटेल, उम्र 39 वर्ष, निवासी ग्राम बेलसरी थाना तखतपुर ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके घर में बने कोठा के दरवाजे में लगे ताले को तोड़कर अज्ञात चोर 7 नग बकरी-बकरा चोरी कर ले गया है। रिपोर्ट के आधार पर थाना तखतपुर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह द्वारा जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए निगरानी बदमाशों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती अर्चना झा एवं एसडीओपी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी तखतपुर निरीक्षक विवेक पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही थी।

दिनांक 09 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति चोरी किए गए बकरा-बकरी को कुरानकांपा रोड तखतपुर में बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना की तस्दीक के लिए प्रधान आरक्षक 1065 एवं पेट्रोलिंग स्टाफ गवाहों के साथ मौके पर रवाना हुए। मुखबिर के बताए स्थान पर दबिश देकर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान पहले वह टालमटोल करता रहा, किंतु मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम राजाराम सागर पिता सतानंद सागर, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम कोसमा थाना जरहागांव जिला मुंगेली (छत्तीसगढ़) बताया और बकरी चोरी की घटना को स्वीकार किया।

आरोपी के कब्जे से एक बकरा, एक बकरी तथा शेष बकरियों को बेचने से प्राप्त 10 हजार रुपये नकद बरामद कर विधिवत जब्ती की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी तखतपुर निरीक्षक विवेक पाण्डेय, प्रधान आरक्षक 1065 गंगाधर कंवर, आरक्षक 191 आशीष वस्त्रकार एवं आरक्षक 1230 चन्द्रशेखर मरकाम का सराहनीय योगदान रहा।

Share This Article