Vedant Samachar

केआईबीजी 2026: हरियाणा की महिला टीम और दिल्ली की पुरुष टीम ने बीच सेपकटकरॉ में स्वर्ण पदक जीते

Vedant samachar
4 Min Read
  • बीच सेपकटकरॉ में बिहार को रजत पदक
  • बीच सॉकर महिला फ़ाइनल में ओडिशा और गुजरात आमने-सामने होंगे

अहमदाबाद, 09 जनवरी 2026 : हरियाणा की महिला टीम और दिल्ली की पुरुष टीम ने गुरुवार को घोघला बीच पर खेले गए फ़ाइनल मुकाबलों में बिहार की स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीदों पर पानी फेरते हुए खेलो इंडिया बीच गेम्स 2026 (KIBG 2026) में बीच सेपकटकरॉ के स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

केंद्र शासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव द्वारा आयोजित खेलो इंडिया बीच गेम्स 2026 का आयोजन भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और राष्ट्रीय खेल महासंघों की तकनीकी देखरेख में किया जा रहा है। खेलो इंडिया बीच गेम्स का यह दूसरा संस्करण है, जिसमें 1100 से अधिक खिलाड़ी आठ खेलों—वॉलीबॉल, सॉकर, सेपकटकरॉ, कबड्डी, पेंचक सिलाट, ओपन वॉटर स्विमिंग, मल्लखंब और रस्साकशी—में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। इनमें पहले छह खेल पदक स्पर्धाएं हैं और कुल 32 स्वर्ण पदक दांव पर हैं।

महिला वर्ग के फ़ाइनल में हरियाणा ने पहला रेगु गंवाने के बाद ज़बरदस्त वापसी करते हुए एक घंटे 15 मिनट तक चले मुकाबले में बिहार को 2-1 से हराया। वहीं पुरुष वर्ग के फ़ाइनल में दिल्ली की टीम ने बिहार को सीधे मुकाबले में 2-0 से पराजित किया।

बीच सॉकर में, गत विजेता ओडिशा ने डेब्यू कर रही हिमाचल प्रदेश की टीम को 7-0 से करारी शिकस्त देकर महिला फ़ाइनल में जगह बनाई। ओडिशा की ओर से सृजना तमांग, सत्यबती खड़िया और खुंडोंगबाम अंबालिका ने दो-दो गोल दागे।

दूसरे महिला सेमीफ़ाइनल में गुजरात की टीम ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले क्वार्टर में ही चार गोल दागे, जो अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 6-3 की जीत के लिए काफ़ी साबित हुए। अरुणाचल की कप्तान गियानी रामचिंग मारा ने तीनों क्वार्टर में एक-एक गोल किया, लेकिन उन्हें अन्य खिलाड़ियों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल सका।

बीच वॉलीबॉल में तमिलनाडु के पास पुरुष और महिला—दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतने का मौका है। महिला वर्ग के पहले सेमीफ़ाइनल में दीपिका और पवित्रा (तमिलनाडु) ने एक सेट से पिछड़ने के बाद स्वाति और धारशिनी (तमिलनाडु) को 19-21, 21-12, 15-6 से हराया। अब वे स्वर्ण पदक मुकाबले में पुडुचेरी की रेवती और श्वेता से भिड़ेंगी।

पुरुष वर्ग का फ़ाइनल तमिलनाडु की भारत और राजेश की जोड़ी तथा गोवा के सावन और गॉन्स के बीच खेला जाएगा।

आज के परिणाम

बीच सॉकर (सेमीफ़ाइनल)

महिला: गुजरात ने अरुणाचल प्रदेश को 6-3 से हराया; ओडिशा ने हिमाचल प्रदेश को 7-0 से हराया

बीच सेपकटकरॉ

महिला: स्वर्ण – हरियाणा; रजत – बिहार; कांस्य – उत्तर प्रदेश, मणिपुर
पुरुष: स्वर्ण – दिल्ली; रजत – बिहार; कांस्य – मणिपुर, दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव

बीच वॉलीबॉल (सेमीफ़ाइनल)

महिला: दीपिका/पवित्रा (तमिलनाडु) ने स्वाति/धारशिनी (तमिलनाडु) को 19-21, 21-12, 15-6 से हराया;
रेवती/श्वेता (पुडुचेरी) ने मानसा/मौनीका (आंध्र प्रदेश) को 21-10, 21-18 से हराया

पुरुष: सावन/गॉन्स (गोवा) ने पूंथामिझन/अभिथन (तमिलनाडु) को 21-18, 16-21, 15-12 से हराया;
भारत/राजेश (तमिलनाडु) ने रामकृष्ण दावस्कर/नितिन सावंत (गोवा) को 21-13, 19-21, 15-8 से हराया

Share This Article