नई दिल्ली,09जुलाई : टीम इंडिया ने कमर कस ली है. बारी एजबेस्टन के बाद लॉर्ड्स जीतने की है. कप्तान और उपकप्तान पर नजर जरूर रखिएगा, क्योंकि वो रुकने वाले नहीं है. टेस्ट सीरीज में रिकॉर्डों को तोड़ने का जो सिलसिला इन्होंने बना रखा है अब लॉर्ड्स में उसे आगे बढ़ाते दिख सकते हैं.
सबसे पहले बात कप्तान शुभमन गिल की, जिनके निशाने पर 602 रन का वो भारतीय रिकॉर्ड है, जो राहुल द्रविड़ ने इंग्लैंड की जमीन पर बनाए थे. उस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए शुभमन गिल को बस 17 रन और बनाने हैं. टीम इंडिया के उप-कप्तान ऋषभ पंत की बात करें तो वो भी भारत के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज बनने से बस 5 छक्के दूर हैं.
भारत के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में पंत फिलहाल तीसरे नंबर पर है. उनके 86 छक्के हैं. वहीं 88 छक्कों के साथ रोहित शर्मा दूसरे जबकि 90 छक्के के साथ वीरेंद्र सहवाग पहले स्थान पर हैं.
शुभमन गिल के पास लॉर्ड्स में टेस्ट जीतने वाले चौथे भारतीय कप्तान बनने का भी मौका होगा. उनसे पहले कपिल देव, एमएस धोनी और विराट कोहली ये कमाल कर चुके हैं.



