रायगढ़,08 जनवरी(वेदांत समाचार)। रायगढ़ जिले में पुराने विवाद को लेकर गाड़ी में आगजनी किए जाने का मामला सामने आया है। 8 जनवरी की रात घर के बाहर खड़ी स्कार्पियों में युवकों ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और स्कूटी में बैठकर फरार हो गए। घटना में गाड़ी के सामने का हिस्सा पूरी तरह से जल गया। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है। घटना के बाद मामले की सूचना पर पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। बताया जा रहा है 2 युवकों ने घटना को अंजाम दिया है। इस वारदात से पहले आरोपियों ने मारपीट भी की थी।
जानकारी के मुताबिक ग्राम कोटमार में रहने वाला उपेश कुमार पटेल (18 साल) ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके पिता खेल कुमार पटेल के नाम से स्कार्पियों है।जिसे गुरुवार (8 जनवरी) की रात को घर के बाहर परछी में खड़ा किए थे। इसके बाद रात में सभी घर अंदर सो रहे थे। तभी तकरीबन साढ़े 12 बजे जब वह अचानक उठा, तो उसने देखा कि कार के सामने का हिस्सा में आग लगा हुआ है। इसके बाद उपेश कुमार ने अपने परिजनों को आवाज लगाई और जब सभी बाहर निकले। इस दौरान गांव का रहने वाला अभय सिंह राजपूत और उसके साथी स्कूटी में बैठकर भाग गए। इसके बाद सभी ने मिलकर कार में लगे आग को पानी डाल कर बुझाया, लेकिन उसके सामने का हिस्सा पूरी तरह जल गया।
उपेश ने पुलिस को बताया कि 3 जनवरी को जब वह स्कार्पियों वाहन से कोतरलिया रेलवे स्टेशन गया था, तब बिना कारण अभय सिंह राजपूत व उसके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट भी किया था। इसके बाद मामले की सूचना पर पुलिस ने अभय सिंह राजपूत व उसके अन्य साथियों के खिलाफ धारा 3(5)-BNS, 326(F)-BNS के तहत अपराध दर्ज किया है। इस संबंध में चक्रधर नगर थाना प्रभारी जीएल साहू ने बताया कि एक आरोपी के नाम से नामजद अपराध दर्ज किया है। उसकी तालाश की जा रही है। उसके पकड़े जाने के बाद उसके अन्य साथियों का नाम पूछताछ किया जाएगा। स्कार्पियों के सामने का हिस्सा जला है। पुराने विवाद में घटना को अंजाम दिया है। फिलहाल मामले में आगे की जांच की जा रही है।
