Vedant Samachar

खेलो इंडिया अस्मिता जोनल किकबॉक्सिंग में कोरबा का शानदार प्रदर्शन,जिले के 5 किकबॉक्सर्स राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित

Vedant Samachar
3 Min Read

0.जिलाधीश कुणाल दुदावत ने खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर किया सम्मानित

कोरबा,06 जनवरी (वेदांत समाचार)। भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय तथा भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के मार्गदर्शन में खेलो इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत अस्मिता खेलो इंडिया वेस्ट जोन किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन 25 से 29 दिसंबर 2025 तक इंदौर में किया गया। इस प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश, तेलंगाना, दमन-दीव, गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, गोवा सहित छत्तीसगढ़ राज्य के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता में कोरबा जिले के सी एम ए किकबॉक्सिंग एकेडमी के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। एकेडमी की हर्षिता यादव ने स्वर्ण पदक जीतकर शानदार सफलता हासिल की, जबकि लोकिता चौहान, नाफिया सिद्दीकी, श्रेया लक्ष्मी साहू और कर्रा तेजस्विनी ने कांस्य पदक प्राप्त किया।

इसके अलावा दिव्या कर्ष, कृति शर्मा, मानसी यादव, नूतन तिवारी, सिद्धि सिंह सोनवानी, वी. संभवी, वी. ज्ञानवी, अंशिका चंद्रा और माही जायसवाल ने भी विभिन्न वजन वर्गों में सराहनीय प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले सभी विजेता खिलाड़ियों का चयन मार्च माह में चेन्नई में आयोजित होने वाली अस्मिता खेलो इंडिया राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयन के उपरांत सभी खिलाड़ियों ने छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के संस्थापक, कार्यकारी अध्यक्ष एवं मुख्य प्रशिक्षक तारकेश मिश्रा तथा क्रीड़ा भारती के जिला अध्यक्ष बलराम विश्वकर्मा के साथ कोरबा जिलाधीश श्री कुणाल दुदावत से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर जिलाधीश ने सभी खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और खेल एवं खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास हेतु हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष छगन लाल मूंदड़ा, महासचिव आकाश गुरुदिवान, जिला खेल अधिकारी दीनू पटेल, सहायक खेल प्रभारी आर.के. साहू, सी एम ए किकबॉक्सिंग एकेडमी की डायरेक्टर श्रीमती प्रीति मिश्रा, ओलंपिक एसोसिएशन के पदाधिकारी, वरिष्ठ खिलाड़ी प्रभात साहू, अंकुश लाल यादव, शुभम यादव, मयंक डडसेना, जुनैद आलम, रितेश सहा, रमेश साहू, अशोक साहू, प्रतिभा राय, रेहाना फातिमा, सुयश नामदेव, जगदीश यादव सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे और खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

Share This Article