Vedant Samachar

शराब के नशे में जानबूझकर हादसा करने वाला चालक गिरफ्तार, गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज

Vedant samachar
3 Min Read

जांजगीर-चांपा, 05 जनवरी (वेदांत समाचार)। जिले में शराब के नशे में वाहन चलाकर जानलेवा हादसा करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 4 जनवरी 2026 की रात्रि लगभग 8 बजे भाटापारा केरा रोड स्थित कब्रिस्तान के सामने आम रोड पर एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार (क्रमांक CG29F 3765) ने पैदल चल रहे व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। इसके कुछ ही दूरी पर कार ने अपनी ही साइड से जा रहे एक ऑटो को भी टक्कर मार दी, जिससे ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान पैदल यात्री नारायण सोनवान की मौत हो गई।

जांच में सामने आया कि कार चालक अमन गोयल पिता धनकृष्णो गोयल, उम्र 27 वर्ष, निवासी एम-88 ओल्ड माइंस भटगांव जिला सूरजपुर, शराब के नशे में धुत होकर अत्यधिक तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया गया। डॉक्टरी मुलाहिजा में आरोपी के अत्यधिक शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं नगर पुलिस अधीक्षक योगिता खापरडे को तत्काल अवगत कराया गया, जिनके निर्देश पर आरोपी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। कोतवाली थाना में आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार, कार में रखी शराब की बोतलें एवं अन्य सामग्री जब्त की है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने शराब के नशे में जानबूझकर घटना कारित करना स्वीकार किया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता थाना प्रभारी कोतवाली, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाशचंद्र राठौर, राकेश राठौर, आरक्षक विनोद राठौर एवं नितीश विश्वकर्मा की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब के नशे में वाहन चलाना न केवल अपराध है, बल्कि इससे निर्दोष लोगों की जान भी जा सकती है।

Share This Article