Vedant Samachar

अवैध धान परिवहन करते ट्रैक्टर से 30 क्विंटल धान जब्त

Vedant samachar
3 Min Read

जशपुर, 04 जनवरी (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ में धान खरीद के मौजूदा सीजन के दौरान अवैध धान परिवहन पर अंकुश लगाने जशपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। सरहदी राज्यों से धान लाकर जशपुर जिले की मंडियों में खपाने की कोशिश कर रहे बिचौलियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना तपकरा क्षेत्रांतर्गत घुमरा बैरियर के पास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध धान परिवहन करते एक ट्रैक्टर को पकड़ लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 02 और 03 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात करीब 2 बजे तपकरा थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम घुमरा बैरियर पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान झारखंड की ओर से आ रहे एक नीले रंग के बिना नंबर वाले सोनालिका ट्रैक्टर को रोका गया। जांच के दौरान ट्रैक्टर की ट्रॉली में प्लास्टिक त्रिपाल से ढंके 70 बोरियों में कुल 30 क्विंटल धान लोड पाया गया।

ट्रैक्टर चालक ने पूछताछ में अपना नाम गुलबदन साय, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम मृग खोल, थाना तपकरा बताया। जब पुलिस ने धान से संबंधित वैध दस्तावेज और मंडी टोकन की मांग की तो वह कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने अवैध धान परिवहन की पुष्टि करते हुए ट्रैक्टर सहित 30 क्विंटल धान को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया। जब्त धान की अनुमानित कीमत करीब 69 हजार रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक संदीप कौशिक, सहायक उप निरीक्षक रामराय पैंकरा, आरक्षक शोभनाथ सिंह, शिवशंकर साय तथा नगर सैनिक सुरेश यादव की अहम भूमिका रही।

उल्लेखनीय है कि जशपुर पुलिस द्वारा अब तक अवैध धान परिवहन के खिलाफ बड़ी संख्या में कार्रवाई की जा चुकी है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 7 ट्रक, 22 पिकअप और 2 ट्रैक्टरों के माध्यम से अवैध रूप से ले जाए जा रहे 1930 क्विंटल धान को पकड़कर जिला प्रशासन को सौंपा गया है।

इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस की सतत निगरानी बनी हुई है। तपकरा क्षेत्र में ट्रैक्टर से 30 क्विंटल धान की जब्ती इसी का परिणाम है। आगे भी अवैध धान परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article