[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

धमतरी पुलिस ने कर्मियों के वित्तीय सशक्तिकरण के लिए निवेश व बचत पर कार्यशाला आयोजित

धमतरी पुलिस ने कर्मियों के वित्तीय सशक्तिकरण के लिए निवेश व बचत पर कार्यशाला आयोजित

धमतरी, 04 जनवरी (वेदांत समाचार)। पुलिस कर्मियों को आर्थिक रूप से सशक्त और जागरूक बनाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा आज रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम धमतरी में निवेश एवं बचत विषय पर विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन एवं उपस्थिति में संपन्न हुई, जिसमें जिले के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को सुरक्षित निवेश, आयकर नियमों और दीर्घकालीन वित्तीय नियोजन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

कार्यशाला के दौरान पुलिस कर्मियों को सैलरी से होने वाली बचत को सुरक्षित निवेश माध्यमों में लगाकर बेहतर रिटर्न प्राप्त करने, भविष्य की आवश्यकताओं के लिए योजनाबद्ध बचत करने तथा अनावश्यक ऋण से बचने के उपाय बताए गए। राज्य सरकार के साथ किए गए एमओयू के तहत बैंक ऑफ बड़ौदा एवं म्युचुअल फंड विशेषज्ञों की टीम ने निवेश से संबंधित विभिन्न विकल्पों पर प्रस्तुति दी।

विशेषज्ञों ने एसआईपी और म्युचुअल फंड, सरकारी बचत योजनाएं, आयकर नियम, रिटायरमेंट प्लानिंग तथा वैज्ञानिक तरीके से बचत करने के बारे में विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बच्चों की शिक्षा, विवाह, मकान निर्माण और आपातकालीन परिस्थितियों के लिए नियमित बचत एवं वित्तीय अनुशासन को अत्यंत आवश्यक बताया। इसके साथ ही साइबर फ्रॉड और निवेश से जुड़ी धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी गई, ताकि पुलिस कर्मी किसी भी वित्तीय जाल में न फंसें।

एसपी सूरज सिंह परिहार ने अपने संबोधन में कहा कि नववर्ष में पुलिस बल के कल्याण के लिए कई सकारात्मक पहल की जा रही हैं, जिनमें वित्तीय सुदृढ़ता एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि अनुशासन केवल ड्यूटी तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि आर्थिक जीवन में भी अनुशासन अपनाकर ही सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है।

कार्यशाला में बैंक ऑफ बड़ौदा की टीम ने पीपीएफ, एनएससी, केवीपी, सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड, मेडिक्लेम और टर्म इंश्योरेंस जैसी सरकारी एवं बैंकिंग योजनाओं की जानकारी भी साझा की। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस पहल को सराहते हुए इसे अत्यंत उपयोगी बताया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चन्द्रा, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरुद रागिनी मिश्रा, डीएसपी मीना साहू, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक एवं जोनल प्रमुख रायपुर जोन दिवाकर प्रसाद सिंह, एजीएम एवं क्षेत्रीय प्रमुख धमतरी क्षेत्र बनंबर बेहरा, उप क्षेत्रीय प्रमुख ओंकार नाथ सिंह, क्लस्टर प्रमुख सूरज गुप्ता, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा सहित जिले के समस्त थाना-चौकी प्रभारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं पुलिस कार्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।

[metaslider id="133"]

Vedant samachar