Vedant Samachar

हादसा : बंडामुंडा में दो डिब्बे पटरी से उतरे, मुंबई–हावड़ा मुख्य रेललाइन ठप

Vedant samachar
2 Min Read

झारखंड के चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत बंडामुंडा में शनिवार सुबह एक मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए, जिसके चलते मुंबई–हावड़ा मुख्य रेलमार्ग की अप लाइन पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह ठप हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना शनिवार सुबह करीब 7:45 बजे बंडामुंडा मुख्य सेक्शन में के-केबिन के सामने किलोमीटर पोल संख्या 408/11 ई के पास हुई। बताया जा रहा है कि एन बॉक्स बंडामुंडा से राउरकेला की ओर जा रही मालगाड़ी जैसे ही के-केबिन के सामने पहुंची, तभी अचानक उसके दो डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद मालगाड़ी अप लाइन पर ही खड़ी हो गई, जिससे इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही बाधित हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही रेल विभाग में हड़कंप मच गया। इंजीनियरिंग विभाग और कैरिज एंड वैगन (सीएंडडब्ल्यू) के अधिकारी एवं कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त मालगाड़ी को पटरी पर वापस लाने का काम शुरू कर दिया गया। रेलवे अधिकारी हालात को सामान्य करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

नए साल में बंडामुंडा रेलखंड में यह पहला रेल हादसा बताया जा रहा है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, विभागीय अधिकारी इस घटना को ज्यादा तूल न देने और छिपाने की कोशिश में भी नजर आए। यही वजह मानी जा रही है कि घटना के करीब एक घंटे बाद तक रेलवे की ओर से किसी तरह का आपातकालीन हूटर या औपचारिक राहत-बचाव संकेत नहीं दिया गया।

फिलहाल इस हादसे ने एक बार फिर चक्रधरपुर रेल मंडल में सुरक्षित ट्रेन परिचालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अप लाइन ठप होने से कई ट्रेनों के प्रभावित होने की आशंका है, जबकि यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे की ओर से अभी तक दुर्घटना के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Share This Article