मुंगेली, 02 जनवरी (वेदांत समाचार)। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मुंगेली पुलिस द्वारा 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्वामी आत्मानंद बी.आर. साव स्कूल परिसर में पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (आईपीएस) के मार्गदर्शन में किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, एसडीओपी मयंक तिवारी, डीएसपी नवनीत पाटिल, रक्षित निरीक्षक नरगिस तिग्गा सहित एनसीसी, स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क दुर्घटनाएं केवल आंकड़े नहीं होतीं, बल्कि कई परिवारों का भविष्य उजड़ जाता है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को आईएसआई मार्क हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों को सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग की सलाह दी। साथ ही नशे की हालत में वाहन न चलाने और तेज रफ्तार से बचने की अपील की। इस दौरान उपस्थित लोगों को यातायात नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई।

रक्षित निरीक्षक नरगिस तिग्गा ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिलेभर में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत हाट-बाजारों में नुक्कड़ नाटक, व्यावसायिक चालकों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, स्कूल-कॉलेजों में यातायात कार्यशालाएं और लाइसेंस शिविर आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल और जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय ने बाइक हेलमेट रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसके माध्यम से शहर में सड़क सुरक्षा और सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश दिया गया।



