0 नशे में ड्राइविंग व नियमों की अनदेखी पर सख्त कार्रवाई, अवैध डीजे होंगे जब्त
धमतरी, 31 दिसंबर 2025। नववर्ष 2026 के आगमन को लेकर धमतरी जिले में शांति, कानून-व्यवस्था और जन-सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन व पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में कलेक्टर अविनाश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में धमतरी शहर में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों से होकर गुजरा, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा व विश्वास की भावना मजबूत करना और असामाजिक तत्वों पर कानून का प्रभाव स्थापित करना रहा।
फ्लैग मार्च के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे। अधिकारियों ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
नववर्ष के अवसर पर संभावित भीड़ और आयोजनों को देखते हुए जिले में 200 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। शहर व जिले के विभिन्न हिस्सों में नाकेबंदी प्वाइंट बनाए गए हैं। सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में फिक्स पिकेट, लगातार मोबाइल पेट्रोलिंग और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही होटल, रिसॉर्ट, वाटिका, गार्डन और अन्य कार्यक्रम स्थलों पर भी पुलिस बल की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है।
यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने और हादसों को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नशे में वाहन चलाने वालों की ब्रिथ एनालाइजर से जांच की जा रही है। ओवरस्पीड, स्टंट और रेसिंग पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है। बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों, ट्रिपलिंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। जाम की स्थिति से बचने के लिए यातायात मार्गों को व्यवस्थित किया गया है।
ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए डीजे और लाउडस्पीकर के उपयोग पर भी सख्ती बरती जा रही है। निर्धारित समय सीमा के बाद डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। ध्वनि स्तर तय मानकों के अनुरूप रखना अनिवार्य होगा। वाहनों में डीजे लादकर चलाने पर भी रोक लगाई गई है। नियमों के उल्लंघन पर डीजे और वाहन जब्त कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा जिले के सभी थाना क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों और गुंडा-बदमाशों को चिन्हित कर उनके खिलाफ निरंतर प्रतिबंधात्मक और कानूनी कार्रवाई की जा रही है, ताकि नववर्ष का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जा सके।
कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों पर शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाए। नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तत्काल जांच की जाए तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार गश्त जारी रखी जाए। होटल, रेस्टोरेंट और पार्टी स्थलों के आयोजकों को नियमों का कड़ाई से पालन कराना भी अनिवार्य किया गया है।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नशे में वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें, शांति और सद्भाव बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस और जिला प्रशासन ने “सुरक्षित शहर – सुरक्षित नागरिक” के संकल्प के साथ नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता जताई है।
इस अवसर पर कलेक्टर अविनाश मिश्रा और एसपी सूरज सिंह परिहार ने जिलेवासियों को नववर्ष 2026 की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नया वर्ष सभी के जीवन में स्वास्थ्य, खुशहाली और सुरक्षा लेकर आए। उन्होंने नागरिकों से नियमों का पालन करते हुए संयमित और सुरक्षित तरीके से नववर्ष मनाने की अपील की।
फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चन्द्रा, डीएसपी मीना साहू, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, एसडीएम पीयूष तिवारी, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा सहित प्रशासन और पुलिस का अमला शामिल रहा।



