रायपुर, 30 दिसंबर (वेदांत समाचार)। रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित मादक पदार्थ डोडा की तस्करी में लिप्त एक अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2.150 किलोग्राम डोडा, नगद राशि और मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा तथा पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी, खरीदी-बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम को 30 दिसंबर 2025 को सूचना प्राप्त हुई कि खमतराई थाना क्षेत्र के रावाभांठा ट्रांसपोर्ट नगर स्थित पार्किंग नंबर 04 में एक व्यक्ति डोडा लेकर बिक्री की फिराक में मौजूद है।
सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबीर द्वारा बताए गए हुलिए के व्यक्ति को चिन्हांकित कर घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम दिलखुश विश्नोई बताया, जो मूलतः राजस्थान का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास रखे थैले से प्रतिबंधित मादक पदार्थ डोडा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह डोडा को राजस्थान से लाकर रायपुर में बेचने की तैयारी कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2.150 किलोग्राम डोडा, जिसकी कीमत लगभग 10,100 रुपये आंकी गई है, बिक्री की नगद रकम 3,000 रुपये तथा घटना से संबंधित एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 35,000 रुपये बताई गई है।
इस मामले में थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 1254/25 धारा 15 नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आगे की जांच में यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी के नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं तथा इससे पहले भी इस तरह की तस्करी में उसकी संलिप्तता रही है या नहीं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलखुश विश्नोई पिता हरिराम विश्नोई, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम गोदावास कला, थाना कल्याणपुर, जिला बलोत्रा (राजस्थान) के रूप में हुई है। वर्तमान में वह रावाभांठा ट्रांसपोर्ट नगर पार्किंग नंबर 04, समराथन मारवाड़ी भोजनालय के पास, थाना खमतराई, रायपुर में रह रहा था।



