Vedant Samachar

MP NEWS: ग्वालियर में संदिग्ध हालात में महिला का शव बरामद, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका

Vedant Samachar
2 Min Read

ग्वालियर ,30दिसंबर। ग्वालियर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र अंतर्गत कटारे फार्म हाउस में झाड़ियों के बीच एक अज्ञात महिला का निर्वस्त्र और खून से लथपथ शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। महिला के सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किए जाने के निशान पाए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि हत्या से पहले महिला के साथ दुष्कर्म किया गया होगा।

पुलिस के अनुसार, एक राहगीर द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां झाड़ियों में महिला का शव पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच है। सिर पर गंभीर चोट के कारण अत्यधिक रक्तस्राव हुआ था, जिससे उसकी मौत होने की संभावना जताई जा रही है।

सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव और एएसपी अनु बेनीवाल ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला के साथ दुष्कर्म हुआ था या नहीं। फिलहाल अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Share This Article