कोरबा, 27 दिसंबर (वेदांत समाचार)। तीन अरब 33 करोड़ 33 लाख राम नाम लेखन महायज्ञ की श्रृंखला के अंतर्गत जिले में विभिन्न धार्मिक और सामाजिक आयोजनों का क्रम जारी है। इसी कड़ी में हिंदू सम्मेलनों के पश्चात 28 दिसंबर को माता कौशिल्या महाकुंभ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन आरपी नगर स्थित दशहरा मैदान में दोपहर 12 बजे प्रारंभ होगा।
आयोजकों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 दिसंबर को दोपहर 12 बजे पूरे जिले की मातृशक्ति घंटाघर मैदान में एकत्रित होगी। यहां से महिलाएं अपने सिर पर 21-21 रामनाम लेखन साहित्य लेकर कौशिल्या यात्रा में शामिल होंगी। यह यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए डॉ. राजेन्द्र नगर स्थित दशहरा मैदान पहुंचेगी, जहां कौशिल्या महाकुंभ का समापन होगा।
इस भव्य आयोजन में अपोलो हॉस्पिटल हैदराबाद की अध्यक्ष माधवी लता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। माधवी लता लोपा मुद्रा चेरीटेबल ट्रस्ट की अध्यक्ष तथा लथमा फाउंडेशन की ट्रस्टी भी हैं। वे इस अवसर पर रामनाम लेखन महायज्ञ के महत्व के साथ-साथ भारत की वर्तमान सामाजिक चुनौतियों पर अपना विचारोत्तेजक उद्बोधन देंगी।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में माधवानंद सेवा आश्रम केंद्रीय आश्रम की गिरिजेश नंदनी, ब्रह्माकुमारी संस्था की रुकमणी, भवानी मंदिर की ज्योति पांडेय, गायत्री परिवार की अर्चना मिश्रा, सतनामी कल्याण समिति की संरक्षक रामबाई लहरे, सिख समाज की प्रतिनिधि श्रीमती मनिंदर कौर, छूरी रामजानकी मंदिर के कन्हैया दास महाराज तथा रामनाम लेखन समिति के अध्यक्ष रामसिंह अग्रवाल की उपस्थिति रहेगी।
आयोजकों ने अधिक से अधिक संख्या में मातृशक्ति और श्रद्धालुओं से इस कौशिल्या महाकुंभ में सहभागिता करने की अपील की है, ताकि रामनाम लेखन महायज्ञ के इस विराट अभियान को और अधिक ऊर्जा एवं जनसमर्थन प्राप्त हो सके।



