रायगढ़,27 दिसंबर (वेदांत समाचार)। शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने से आहत एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। आत्महत्या से पहले युवक ने एक भावुक वीडियो भी बनाया है, जिसमें उसने अपने दर्द और टूटे मन की बात कही। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक नया गंज इलाके में रहने वाला 30 वर्षीय अभिषेक देवांगन पिछले कुछ समय से मेंटल डिप्रेशन में था। बताया जा रहा है कि उसका कोतरा रोड क्षेत्र की एक युवती से करीब ढाई साल से प्रेम संबंध था। वह बहुत खुश रहा करता था।
दोनों के बीच अक्सर मुलाकात होती थी, लेकिन कुछ दिनों पहले युवती ने उससे रिश्ता खत्म कर लिया। इसके बाद तीन दिन पहले उसकी शादी भी हो गई। इस घटनाक्रम से अभिषेक पूरी तरह टूट गया था। गुरुवार रात उसने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इससे पहले उसने एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने कहा कि उसने सच्चे दिल से प्यार किया और कभी धोखा नहीं दिया। आप उस दिन बोले थे ना कि मेरे लिए मरना था तो आज मैं मर रहा हूं, आपने मेरा बहुत यूज़ किया भले ही आप मेरे से पीछा छुड़ाना चाहते थे। पिछले तीन दिनों से मैं खाना नहीं खा पा रहा हूं, आप खुश हो न शादी करके… वीडियो में उसके शब्दों से साफ झलक रहा था कि वह अंदर ही अंदर बेहद परेशान था। घटना की जानकारी सबसे पहले उसके एक दोस्त को लगी, जिसने तुरंत परिजनों को सूचना दी।
परिजन जब कमरे में पहुंचे तो अभिषेक फांसी के फंदे पर लटका मिला। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल मर्ग कायम कर लिया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।



