मरने से पहले बेटी के दिल दहला देने वाले आखिरी शब्द- लड़कियां केवल मां की कोख और कब्र में ही सुरक्षित, इस दुनिया में नहीं…

चेन्नई: एक नाबालिग ने आत्महत्या करने से पहले अपने सुसाइड नोट में दिल दहला देने वाली बात लिखी। दरअसल, तमिलनाडु में बीते शनिवार को एक नाबालिग ने आत्महत्या कर ली और मरने से पहले अपने सुसाइड नोट में लिखा कि लड़कियां केवल मां की कोख और कब्र में ही सुरक्षित हैं।

बता दें कियह लड़की चेन्नई के एक स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्रा थी। चेन्नई पुलिस ने पॉक्सो के तहत एक 21 वर्षीय कॉलेज छात्र को गिरफ्तार किया है। एक जांच अधिकारी ने कहा कि लड़के ने नाबालिग लड़की के साथ शारीरिक संबंध बनाने की बात कबूल की है। पिछले दो सप्ताह से वह उसे प्रताड़ित कर रहा था। जिसमें उसने लड़की को गंदे मैसेज और तस्वीरें शेयर की है।

मरने से पहले लड़की ने अपने सुसाइड नोट में लिखा कि हर मां-बाप को अपने बेटों को लड़कियों की इज्जत करना सिखाना चाहिए। रिश्तेदारों या शिक्षकों पर भरोसा न करें। मां की कोख और कब्र ही सुरक्षित जगह है, उसने कहा कि स्कूल या किसी रिश्तेदार का घर सुरक्षित नहीं है।

पुलिस ने कहा कि मृतक के दोस्तों ने बताया कि उसने हाल ही में उनसे दूरी बना ली थी। अपने पत्र में उसने कहा कि यौन उत्पीड़न असहनीय होता जा रहा था और इससे वह बहुत दर्द में थी लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। सुसाइड लेटर में कहा गया है कि वह अपनी पढ़ाई पर ध्यान नहीं दे पा रही थी। उसने बार-बार बुरे सपने आने और रात में सोने में नाकाम रहने के बारे में बात की। वहीं दूसरी तरफ पुलिस इस मामले की गंभीर रूप से जांच कर रही है।