Vedant Samachar

पुलिस अधिकारी की कार से स्कूटी सवार को टक्कर, नशे की हालत का आरोप,सारंगढ़–बिलाईगढ़ में कलेक्ट्रेट चौक पर हादसे के बाद भारी हंगामा

Vedant samachar
2 Min Read

राजेश यादव,सारंगढ़–बिलाईगढ़, 23 दिसंबर 2025। कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वालों की कथित लापरवाही ने मंगलवार को सारंगढ़–बिलाईगढ़ के कलेक्ट्रेट चौक, बिलासपुर रोड पर भारी आक्रोश को जन्म दे दिया। एक पुलिस अधिकारी द्वारा चलाई जा रही कार ने स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और दो बैरिकेट्स को तोड़ते हुए डिवाइडर से जा टकराया। चौंकाने वाली बात यह रही कि दुर्घटना में शामिल स्कूटी और कार—दोनों पर ही ‘पुलिस’ लिखा हुआ था।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कार चला रहा पुलिस अधिकारी नशे की हालत में था। हादसे के बाद संदेह उस समय और गहरा गया, जब मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी कथित आरोपी अधिकारी को पुलिस वाहन में बैठाकर वहां से ले गए। इस कार्रवाई को लोगों ने आरोपी को बचाने की कोशिश के रूप में देखा, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।

घटना से नाराज स्थानीय नागरिकों ने मौके पर पुलिस को घेरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने दोषी पुलिस अधिकारी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने, मेडिकल परीक्षण कराने, वाहन जब्त करने और निष्पक्ष जांच की मांग की।

इस घटना ने पुलिस की जवाबदेही और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पूरे मामले में किसी भी जिम्मेदार अधिकारी की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Share This Article