Vedant Samachar

Raipur Crime News: कोतवाली क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और सट्टा संचालन का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

Vedant samachar
3 Min Read

रायपुर, 21 दिसंबर 2025 (वेदांत समाचार)। रायपुर के थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गांधी नगर में अवैध रूप से शराब बिक्री और सट्टा संचालन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट की 20 सदस्यीय विशेष टीम द्वारा की गई, जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब, सट्टा सामग्री और नकद राशि जब्त की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 20 दिसंबर 2025 को एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना प्राप्त हुई थी कि गांधी नगर क्षेत्र में कुछ व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेचने के साथ-साथ पर्ची के माध्यम से सट्टा संचालन कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में टीम का गठन कर संबंधित स्थान पर दबिश दी गई।

रेड कार्रवाई के दौरान मौके से तीन आरोपियों को अवैध शराब बेचते और सट्टा संचालित करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम मोहम्मद रफीक खान, घनश्याम शर्मा और अरुण सोना बताया। आरोपियों ने यह भी खुलासा किया कि उक्त अवैध गतिविधियां रवि साहू निवासी कालीबाड़ी, रायपुर के निर्देश पर संचालित की जा रही थीं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 90 पौव्वा अंग्रेजी शराब, 28 पन्ना सट्टा पट्टी, 1 लाख 21 हजार 50 रुपये नगद, डॉट पेन, तख्ती और कार्बन का टुकड़ा बरामद किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 32 हजार रुपये आंकी गई है।

तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 352/25 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम एवं छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण का मुख्य आरोपी रवि साहू फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश लगातार की जा रही है। रवि साहू थाना कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके विरुद्ध गंभीर प्रकृति के मामलों सहित चार दर्जन से अधिक अपराध पंजीबद्ध हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की पतासाजी कर शीघ्र गिरफ्तारी के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब और सट्टा कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।

Share This Article