कोरबा, 21 दिसंबर (वेदांत समाचार)। कोरबा जिले के बालको नगर स्थित एमजीएम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 45वां वार्षिक क्रीड़ा उत्सव गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। यह आयोजन दिनांक 17 दिसंबर से 20 दिसंबर 2025 तक विद्यालय प्रांगण में आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
क्रीड़ा उत्सव का शुभारंभ मशाल प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रभारी वाय. के. तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों को येलो, रेड, ग्रीन एवं ब्लू — चार सदनों में विभाजित कर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं कराई गईं।
कड़े मुकाबलों के बाद येलो हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ग्रीन हाउस उपविजेता रहा। विजेता एवं उपविजेता टीमों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
क्रीड़ा उत्सव के समापन अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। साथ ही क्रिसमस एवं नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में क्रीड़ा प्रभारी राधुमन भारद्वाज, मेरी मैडम सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।



