Vedant Samachar

मुख्यमंत्री एवं VVIP आगमन को लेकर जांजगीर में व्यापक यातायात व पार्किंग व्यवस्था, 19 स्थानों पर बनाए गए पार्किंग स्थल

Vedant samachar
5 Min Read

जांजगीर, 20 दिसंबर (वेदांत समाचार)। दिनांक 22 दिसंबर 2025 को माननीय मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों (VVIP) के जांजगीर आगमन के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन एवं जांजगीर–चांपा पुलिस द्वारा व्यापक यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम के दौरान सुचारु यातायात संचालन, सुरक्षा एवं आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में अलग-अलग कुल 19 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

पुलिस प्रशासन ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी आगंतुकों से अपील की है कि वे केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, ताकि यातायात व्यवस्था बाधित न हो और किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

पार्किंग व्यवस्था के तहत पुलिस परेड ग्राउंड को पार्किंग पी-1 के रूप में चिन्हित किया गया है, जहां मुख्य मंच में आमंत्रित अतिथियों के वाहनों की पार्किंग की जाएगी। टीसीएल कॉलेज मैदान को पार्किंग पी-2 बनाया गया है, जो मंच के सामने एमआईपी सेक्टर एवं हेलीपैड स्वागत दल के लिए निर्धारित है। मीडिया एवं प्रशासनिक अधिकारियों के लिए पुलिस कॉलोनी के सामने मैदान को पार्किंग पी-3 के रूप में रखा गया है, जबकि पुलिस वाहनों की पार्किंग हेतु खोखरा जेल परिसर मैदान को पार्किंग पी-4 बनाया गया है।

आमजन के लिए कृषि उपज मंडी को पार्किंग पी-5 के रूप में निर्धारित किया गया है, जहां जांजगीर, बलौदा, कोरबा, चांपा एवं रायगढ़ की ओर से आने वाले वाहन पार्क किए जाएंगे। अनुसूचित जाति छात्रावास के बाजू स्थित मैदान को पार्किंग पी-6 तथा आत्मानंद स्कूल क्रमांक-02 को पार्किंग पी-7 बनाया गया है, जहां अकलतरा, मुलमुला एवं बिलासपुर की ओर से आने वाले वाहनों को पार्क कराया जाएगा। क्रिकेट स्टेडियम को पार्किंग पी-8 तथा खोखरा पानी टंकी के सामने मैदान को पार्किंग पी-9 के रूप में चिन्हित किया गया है।

पुलिस निलयम कॉलोनी के सामने मैदान को पार्किंग पी-10 और बाबा कीनाराम स्कूल मैदान को पार्किंग पी-11 बनाया गया है, जहां जांजगीर, केरा, रायगढ़ एवं शिवरीनारायण की ओर से आने वाले वाहन पार्क किए जाएंगे। तिरुपति राइस मिल के सामने क्षेत्र को पार्किंग पी-12, बिजली ऑफिस धाराशिव खोखरा को पार्किंग पी-13 तथा मुनुद चौक मैदान को पार्किंग पी-14 के रूप में निर्धारित किया गया है।

इसके अलावा सुकली चौक मैदान को पार्किंग पी-15, पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान को पार्किंग पी-16, बिजली ऑफिस के सामने मैदान को पार्किंग पी-17, चर्च के पास मैदान को पार्किंग पी-18 तथा सी-मार्ट कचहरी चौक को पार्किंग पी-19 के रूप में चिन्हित किया गया है। इन पार्किंग स्थलों पर विभिन्न दिशाओं से आने वाले आम नागरिकों के वाहनों को व्यवस्थित रूप से पार्क कराया जाएगा।

जांजगीर–चांपा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों का पालन करें तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों में पूर्ण सहयोग करें। पुलिस द्वारा कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

इसके साथ ही पुलिस ने यातायात दिशा संबंधी विशेष निर्देश जारी किए हैं। शक्ति, बाराद्वार एवं रायगढ़ की ओर से आने वाले वाहन सुकली चौक हाइवे से मुड़कर पेंड्री गांव होते हुए बाबा कृषि उपज मंडी, कीनाराम स्कूल, निलयम कॉलोनी एवं पॉलिटेक्निक कॉलेज के पार्किंग स्थलों में वाहन पार्क करेंगे। वहीं अकलतरा एवं बिलासपुर की ओर से आने वाले वाहन खोखरा हाइवे चौक से मुड़कर खोखरा–पामगढ़ रोड की ओर कुछ दूरी पर स्थित क्रिकेट स्टेडियम एवं आसपास के निर्धारित पार्किंग स्थलों में वाहन खड़े करेंगे।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह विस्तृत व्यवस्था कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से की गई है। आम नागरिकों से सहयोग की अपील की गई है ताकि आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

Share This Article