महिला पुलिस अब स्कूटी से करेंगी पेट्रोलिंग..

रायगढ़ 17 दिसम्बर(वेदांत समाचार)। पुलिस मुख्यालय से प्राप्त 11 स्कूटियों का वितरण पुलिस महिला रक्षा टीम तथा थानों के महिला डेस्क में गुरुवार को किया गया।

वहीं एसपी अभिषेक मीणा के रिबन काटने के बाद रायगढ़ विधायक प्रकाश नायक द्वारा फ्लैग दिखाकर महिला रक्षा टीम तथा महिला डेस्क में कार्यरत पुलिसकर्मियों को रवाना किया गया।

एसपी ने कहा कि कोरोना काल के बाद स्कूल कॉलेज खुलने लगे हैं। स्कूल कॉलेजों के बाहर आवारातत्वों के जमावड़े की कुछ शिकायतें भी प्राप्त हो रही हैं। महिला रक्षा टीम की सदस्य जो स्कूल, कॉलेजों के आसपास पेट्रोलिंग करते हैं, अब ऐसी शिकायतों पर तत्काल दबिश देकर मनचलों, आवारातत्वों पर कार्रवाई करेंगी। महिला पुलिस की पेट्रोलिंग से महिलाओं, कॉलेज गर्ल में सुरक्षा का भाव बढ़ेगा, शहर में बहुत जल्दी इसका फायदा देखने को मिलेगा। वहीं विधायक प्रकाश नायक ने कहा ‍कि महिला रक्षा टीम को स्कूटी मिलने से शहर को काफी फायदा होगा। स्कूटी वितरण के कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खुंटे, एमटीओ राजकुमार राय, पुलिस कार्यालय, थाना, चौकी , महिला रक्षा टीम के स्टाफ उपस्थित रहे।