रायपुर,15 दिसंबर (वेदांत समाचार)। निजी दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी बैंक खाता खोलवाकर अवैध अंतरराष्ट्रीय लेन-देन करने के मामले में रायपुर पुलिस ने चार वर्षों से फरार चल रहे एक बैंक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी इंडसइंड बैंक का कर्मचारी रह चुका है और वर्ष 2019 से फरार था।
पुलिस के अनुसार, थाना मौदहापारा क्षेत्र निवासी अजय कुमार यदु ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ब्राम्हणपारा महितोष चौक के पास स्थित उनकी फर्म मां सम्लेश्वरी ऑफसेट प्रिंटर्स के नाम पर वर्ष 2011 में बिना उनकी जानकारी के बैंक खाता खोलकर धोखाधड़ी की गई। आरोपी मनीष कदम, जो उस समय इंडसइंड बैंक, कृष्णा कॉम्पलेक्स में कार्यरत था, प्रार्थी के साले का परिचित होने के कारण उनके संपर्क में आया और अधिक ब्याज व प्रमोशन का झांसा देकर बैंक खाता खोलने के नाम पर कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करा लिए।
आरोपी ने प्रार्थी से निजी दस्तावेजों की छायाप्रति, पासपोर्ट साइज फोटो तथा खाता खोलने के नाम पर 10 हजार रुपये नकद भी लिए। बाद में चेकबुक उपलब्ध कराई गई, जबकि प्रार्थी न तो कभी बैंक गया और न ही खाते से कोई लेन-देन किया।
दिनांक 13 दिसंबर 2019 को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा भेजे गए समन के बाद प्रार्थी को जानकारी हुई कि उसके नाम पर फर्जी तरीके से कन्हैया सेल्स नामक फर्म का खाता खोलकर विदेशों से अवैध लेन-देन किया गया है। इस पूरे षड्यंत्र में आरोपी बैंक कर्मचारी, तत्कालीन बैंक प्रबंधक और अन्य सहयोगियों की संलिप्तता सामने आई।
मामले में थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 21/22 धारा 419, 420 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना मौदहापारा पुलिस की संयुक्त टीम लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी मनीष राव कदम को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया।
मनीष राव कदम, पिता – घनश्याम राव कदम, उम्र 45 वर्ष, निवासी – अविनाश कैपिटल होम्स, फेस-02, ब्लॉक-सी, मकान नंबर 513, थाना विधानसभा, रायपुर। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।



