रायपुर,15 दिसंबर (वेदांत समाचार) । संजय नगर रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरब्रिज बनाने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। रायपुर की शिला कंस्ट्रक्शन को 17.45 करोड़ रुपए में ठेका मिला है। काम शुरू होने में तीन महीने का समय और लगेगा। ठेका कंपनी को बोरिंग कराने के बाद ड्राइंग डिजाइन के लिए फिर से मंजूरी लेनी होगी। अंडरब्रिज का काम शुरू होने के बाद बनने में डेढ़ साल का समय लगेगा।
शहर के भीतर यातायात सुधारने संजय नगर रेलवे क्रॉसिंग पर 10 साल से अंडरब्रिज की प्लानिंग की जा रही है। दो साल पहले डीएमएफ से अंडरब्रिज बनाने 50 प्रतिशत राशि की मंजूरी मिलने पर प्रक्रिया आगे बढ़ी। अंडरब्रिज की लागत 30 करोड़ 97 लाख 89 हजार रुपए है। इसकी आधी राशि रेलवे देगी। इसके लिए 88 मकानों का मुआवजा देकर एक साल पहले तोड़ा गया। जमीन क्लियर होने के बाद पीडब्ल्यूडी सेतु निर्माण ने फरवरी से टेंडर प्रक्रिया शुरू की। इसके लिए तीन कंपनियों ने टेंडर भरा था। कोरबा से बीबी वर्मा और अशोक मित्तल भी शामिल थे। रेट अप्रूवल होने के बाद काम शीला कंस्ट्रक्शन को मिला है। काम शुरू नहीं होने के कारण अभी कई लोगों ने नया निर्माण शुरू कर दिया है। वहीं चार ने मुआवजा नहीं लिया है और उनका प्रकरण कोर्ट में चल रहा है। यहां अधिकांश लोगों ने सिंचाई और रेलवे की जमीन पर कब्जा कर मकान बनाया है। प्रशासन ने मकान का ही मुआवजा दिया है। सेतु निर्माण अब ठेका कंपनी से अनुबंध कर वर्क आर्डर जारी करेगी। इसकी प्रक्रिया शुरू की गई है।
2 करोड़ 6 लाख रुपए में पाइपलाइन शिफ्टिंग: अंडरब्रिज बनाने में पेयजल योजना की पाइपलाइन और बिजली खंभे भी प्रभावित हो रहे हैं। पाइपलाइन की शिफ्टिंग 2 करोड़ 6 लाख रुपए में निगम ने की है। कुछ स्थानों का काम बाकी है। दूसरी ओर अभी बिजली खंभे की शिफ्टिंग नहीं की गई है। इसके लिए भी प्रक्रिया चल रही है। संजय नगर रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरब्रिज पीडब्ल्यूडी सेतु निर्माण की देखरेख में राइट्स करेगी। इसकी लंबाई 490.50 मीटर और चौड़ाई 8.5 मीटर होगी। इसमें रेलवे लाइन के नीचे 25 मीटर का बॉक्स होगा। सुनालिया चौक की तरफ की लंबाई 188.85 मीटर और रेलवे स्टेशन की तरफ 138.50 और पुरानी बस्ती कोतवाली की ओर लंबाई 138.50 मीटर होगी। अंडरब्रिज बनना शुरू होने पर सुनालिया चौक से नहर रोड पर यातायात का दबाव बढ़ जाएगा। इसके लिए नहर के दूसरे छोर पर डीडीएम रोड के पीछे सड़क बनाने की प्लानिंग है।
वाय-शेप में बनेगा अंडरब्रिज, चौड़ाई 8.5 मीटर
फरवरी तक काम शुरू करने का है प्रयास अंडरब्रिज बनाने का काम फरवरी में शुरू हो जाए इसका प्रयास है। इसके साथ ही समय सीमा पर निर्माण पूरा होकर लोगों को सुविधा मिले इसका प्रयास किया जा रहा है। एमएम ओहदार, एसडीओ, सेतु निर्माण पीडब्ल्यूडी
फाटक से हर 7 मिनट में गुजरती है एक मालगाड़ी शहर के भीतर संजय नगर, मानिकपुर, इमलीछापर और सर्वमंगला रेलवे क्रॉसिंग में ट्रैफिक का दबाव सबसे ज्यादा है। यहां से हर 7 मिनट में मालगाड़ी गुजरती है। कई बार तो लोगों को आधे घंटे से अधिक समय तक रुकना पड़ता है। कई बार लोगों की ट्रेन भी छूट जाती है। अंडरब्रिज बनने से लोगों को आवाजाही में आसानी होगी।



