पहले दिन ‘छत्तीसगढ़ विजन 2047’ पर चर्चा, कांग्रेस का बहिष्कार
रायपुर,14 दिसंबर (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज रविवार से प्रारंभ हो रहा है। नवा रायपुर स्थित नवनिर्मित विधानसभा भवन में आयोजित हो रहा यह पहला सत्र है। चार दिवसीय यह सत्र 17 दिसंबर तक चलेगा। सत्र के पहले दिन सदन में ‘छत्तीसगढ़ विजन 2047’ विषय पर विशेष चर्चा की जाएगी। हालांकि, कांग्रेस विधायकों द्वारा पहले दिन सत्र के बहिष्कार की घोषणा के चलते यह चर्चा केवल भाजपा विधायकों की उपस्थिति में होगी। कांग्रेस के बहिष्कार के कारण पहले दिन प्रश्नकाल भी नहीं होगा।
15 से 17 दिसंबर तक गरमाएंगे प्रमुख मुद्दे
दूसरे दिन यानी 15 दिसंबर से 17 दिसंबर तक सदन में कानून-व्यवस्था, धान खरीदी, बिजली आपूर्ति और जमीन की दरों जैसे अहम मुद्दों पर तीखी बहस और हंगामे के आसार हैं। इन विषयों पर कांग्रेस के साथ-साथ भाजपा विधायक भी मंत्रियों से सवाल पूछेंगे। शीतकालीन सत्र के लिए विधायकों द्वारा कुल 628 प्रश्न लगाए गए हैं, जिनके जवाब संबंधित मंत्रियों को देने होंगे।
धर्मांतरण विधेयक रहेगा सत्र का प्रमुख मुद्दा
इस सत्र का सबसे अहम मुद्दा धर्मांतरण से जुड़ा हो सकता है। सूत्रों के अनुसार साय सरकार धर्मांतरण संशोधन विधेयक सदन में ला सकती है। सरकार संशोधित धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम को पारित कराने की तैयारी में है। गृहमंत्री विजय शर्मा ने इसके संकेत देते हुए कहा है कि संशोधित अधिनियम के लागू होने से प्रदेश में धार्मिक विवादों में कमी आने की संभावना है।
