नारायणपुर,14 दिसंबर (वेदांत समाचार)। न्यू उड़ान जनसेवा फाउंडेशन द्वारा धमतरी के अग्रसेन भवन में एक भव्य एवं बहु-आयामी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें फैशन, कला, शिक्षा और कौशल विकास से जुड़े विभिन्न सेगमेंट शामिल रहे। कार्यक्रम में फैशन और ब्यूटी के क्षेत्र से जुड़ी कई प्रतिभाओं ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। विजेताओं को पुरस्कार वितरण करने के लिए फिल्म अभिनेत्री ‘नाचे मयूरी’ फेम एवं लोकप्रिय टीवी सीरियल अभिनेत्री सुधा चंद्रन विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने पहले मीडिया से बातचीत की और इसके बाद मंच पर पहुंचते ही अपनी प्रसिद्ध फिल्म के गीत पर नृत्य कर दर्शकों का मन मोह लिया। सुधा चंद्रन ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंचों से छिपी प्रतिभाएं निखरकर सामने आती हैं और युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम की ब्राइडल प्रतियोगिता में नारायणपुर की मेकअप आर्टिस्ट पायल मधु डीएनके ने पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। वहीं नारायणपुर की ही बकरूपारा निवासी प्रिया रॉय ने द्वितीय स्थान हासिल किया। तृतीय स्थान पर कोरबा की राखी सिंह रहीं। छत्तीसगढ़ के सबसे छोटे जिलों में शामिल नारायणपुर की दो बेटियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया। दोनों विजेताओं को अभिनेत्री सुधा चंद्रन के हाथों पुरस्कार प्रदान किए गए।
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली पायल मधु ने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर रही, जिसके कारण उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा। समाज में कई तरह की नकारात्मक बातें भी सुननी पड़ीं, लेकिन उन्होंने अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया और निरंतर मेहनत करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। वहीं द्वितीय स्थान पर रहीं प्रिया रॉय ने बताया कि बचपन से ही घर की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी। मात्र 13 वर्ष की उम्र में पिता का निधन हो गया, जिसके बाद परिवार की सारी जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई। घर चलाने के साथ-साथ उन्होंने मेकअप आर्टिस्ट का कोर्स किया और उसकी फीस भरने के लिए लगभग पांच वर्षों तक दूसरों के यहां काम किया। लगातार संघर्ष के बाद मिली इस सफलता से वे बेहद खुश हैं।
नारायणपुर बंगाली समाज के जिलाध्यक्ष कार्तिक नंदी ने दोनों बेटियों की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि इन बेटियों ने न केवल जिले बल्कि पूरे बंगाली समाज का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि बंगाली समाज शिक्षा, खेल और कला सहित सभी क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है और आगे भी ऐसे ही प्रतिभाशाली युवाओं को प्रोत्साहित करता रहेगा।



