भोपाल/नई दिल्ली, 13 दिसम्बर। केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा कर दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय को मिली ताजा खुफिया जानकारी के बाद उनकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी (ISI) और कुछ राष्ट्रविरोधी तत्व शिवराज सिंह चौहान के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहे थे, जिसके चलते सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं। शुक्रवार देर रात और शनिवार सुबह से ही भोपाल स्थित उनके निजी आवास (बी-8, 74 बंगले) और दिल्ली स्थित सरकारी आवास के बाहर सुरक्षा बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक और मुख्य सचिव को ‘अति-गोपनीय’ पत्र भेजा है। इसमें स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक न हो। सूचना मिलने के तुरंत बाद भोपाल में उनके आवास के दोनों ओर की सड़कों पर नाकाबंदी सख्त कर दी गई है और आने-जाने वाले हर वाहन की सघन जांच शुरू हो गई है।



