[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

दिव्यांग शिक्षक हत्याकांड में बड़ा मोड़ फरार आरोपी की फांसी पर लटकी मिली लाश…

सक्ती, 21 मार्च (वेदांत समाचार)। जिले में दिव्यांग शिक्षक हत्याकांड ने नया और चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है। शिक्षक की बेरहमी से हत्या करने के बाद फरार चल रहे आरोपी की लाश उसके ही घर के पीछे फांसी के फंदे पर लटकी मिली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मामला जैजेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जर्वे का है। 18 मार्च को दिव्यांग शिक्षक देवानंद भारद्वाज का शव संदिग्ध हालत में मिला था। जांच में सामने आया था कि उनका अपने पड़ोसी टिमनलाल से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।

आरोप है कि घटना के दिन टिमनलाल ने शिक्षक पर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी और बाद में शव को घसीटकर विवादित जमीन के पास ले जाकर आग लगा दी। आग की लपटें देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। इसी बीच दोपहर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि आरोपी टिमनलाल की लाश उसके घर के पीछे फांसी के फंदे पर लटकी हुई है।

बताया जा रहा है कि आरोपी खेत की ओर से घर पहुंचा और पीछे के रास्ते से अंदर जाकर गमछे से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के हर पहलू को खंगाला जा रहा है।

[metaslider id="133"]