[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

हाथी प्रभावित किसानों ने कलेक्टर जनदर्शन में लगाई गुहार

  • हरदेवा और बर्रा के ग्रामीणों ने फसल, मकान व मवेशियों के नुकसान पर मांगा मुआवजा

कोरबा, 03 मार्च (वेदांत समाचार)। वनमंडल कटघोरा अंतर्गत हाथी प्रभावित क्षेत्र ग्राम पंचायत हरदेवा एवं आश्रित ग्राम बर्रा के किसानों ने फसल, मकान और मवेशियों को हुए नुकसान का मुआवजा नहीं मिलने पर कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र क्षतिपूर्ति राशि प्रदान करने की मांग की है।

ग्रामीणों ने बताया कि बीते दिनों हाथियों के झुंड ने दोनों गांवों में व्यापक नुकसान पहुंचाया। बड़ी संख्या में किसानों की खड़ी फसल रौंद दी गई, कई मकानों को क्षति पहुंची तथा मवेशियों को भी नुकसान हुआ। घटना के समय वन विभाग के अमले ने प्रभावितों को क्षतिपूर्ति राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कई किसानों को मुआवजा नहीं मिल सका है।

ग्रामीणों का कहना है कि विभाग द्वारा दी जाने वाली क्षतिपूर्ति राशि पहले से ही कम होती है, और उसमें भी देरी होने से प्रभावित परिवारों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि वे पूर्व में वन विभाग के अधिकारियों एवं जिला प्रशासन को इस समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हुआ। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान सिरपत सिंह मरकाम, निर्मल सिंह, दल प्रताप सिंह, सहस राम, कमलेश कुमार, संजय कुमार, भुवन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्टर कार्यालय पहुंचे थे।

इसके अतिरिक्त ग्रामीणों ने कोल ब्लॉक, पेंशन, पेयजल और अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर भी प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया। कलेक्टर ने सभी मामलों में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

[metaslider id="133"]